नियति-न्यास
जनन के व्यापार अगणित
क्यों मरण व्यापार ?
सान्ध्य सुषमा, अलख जीवन
हास प्रातः चिर अशाश्वत
जनन अगणित अन्त फिर-फिर
रक्त नीलम, अश्रु-छादन
मरण के व्यापार
क्यों जनन व्यापार ?
कहाँ हैं वे प्राण-व्यान
अपान और उदान
कह समान कहाँ रहे वे
राजहठ आक्रान्त ?
मलिन, दूषित, तृषित मन यों
पीड़, क्षुब्ध, मलीन
ऋषि-मनीष, महर्षि-योगी
भोग के ही सीम ।
देव-दानव गर्जना का
घोर हाहाकार
रक्त पात निपात मानव
निहत-आहत साथ
नटीकृष्णा सुख-सुरभि से
लिए प्रत्याहार
दीन मानव शक्ति साधक
बन सबल समुदाय ।
ले रही वह न्यास यों ही
नियति के उस पार
मन विषण्ण तृषित क्षुधित
अधीर आठों याम ।
नित नवीन प्रबुद्ध मानव
कर सप्रीत विकास
हेतु मन की लालसा
पर मात्र केवल ह्रास ।
ऊर्ध्व गति का लास ले
मानव अनुक्षण धीर
बन रहा अनवरत साधक
निष्ठ विपुल प्रकृष्ट ।
पर सदा बन कर पराजित
काल के यों हाथ
मृत्यु से कैसे बचे
निर्मुक्त हो निष्काम ।
-नियति न्यास
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें