मैं सोचता हूं- कविता जीवन है / जो व्यक्ति को जीना सिखाती/ सिखाती अनुशासन, कराती कर्म/ चराती धर्म, निराती न्याय/ और देती, लोक-परलोक/ स्वर्ग-मर्त्य, मुक्ति-निर्वाण/
सोमवार, 7 जनवरी 2013
शनिवार, 5 जनवरी 2013
विडम्बना
शमित, भस्मि जौहर की, कितनी शताब्दियों से ।तथापि, सतियों में निरन्तर आस्था,
घोर अवहेला सावित्रियों की
जिनकी तुषाग्नि सुबक रही, अक्षुण्ण
असंख्य अबलाओं के क्रन्दन में, बन भर्त्सना बारूद ।
हे धर्म धुरीन ! अपनी ड्योढ़ी देख
जहां दे रखा है, आज भी आजीवन कारावास
बर्बरता की लौह-श्रृंखला, जर्जरित अनुशासन,
विगलित प्रवंचना,
पाशविकता, लुण्ठन, जल्पना, अवगुण्ठन ।
ये ही तेरे अवदान- कितने हेय, हास्यास्पद, निष्करुण ।
तेरा यह म्लान आवास स्वयं में एक अपंग देवराला,
जहां सहस्त्र देवरालों के, रुपकुमारियों के
जघन्य, कुत्सित, वीभत्स नृत्य, पर, दृष्टि का सर्वथा अभाव ।
गान्धारी, धृतराष्ट अथवा सुयोधन ।
सभी आचारसम्मत संज्ञायें विलुप्त, फिर, तू निरुत्तर क्यों ?
तेरी ये वधुएं, विधवाएं, कुमारिकाएं ।
यश-मान तेरे सहचर, लांछना हमारी संगिनि,
हास को हताशा, रुदन को अगाध अश्रु,
मुक्ति-कामना स्वप्न ।
मैं नारी, अबला, सावित्री कालान्तर से,
कातर, निरुपाय, पीड़ित, प्रताड़ित, मर्दित-घर्षित ।
--नियति निक्षेप
गुरुवार, 3 जनवरी 2013
अबलाओं की पुकार
-प्रो. श्यामलाल उपाध्याय
बहन-बेटियां बिलख रहीं हैं, भरी नींद सो रहा देश ।
भय-कातर ललनायें टूटीं, यह तुम तक संदेश ।।
समय आ गया, अब संसद को, आर्तनाद सुनना होगा ।
द्रौपदियों को विपदाओं से, मुक्त उन्हें करना होगा ।।
बचा नहीं सकते तो ले लो, रहा चूड़ियों का उपहार ।
सत्ता में तुम रह न सकोगे, हुई तुम्हारी कर्कश हार ।।
दुःशासन हैं शासन करते, सता-सताकर देते ताप ।
दामिनियां कड़केंगी ऊपर, सह लेना उनके परिताप ।।
अबलायें सबलायें होंगी, आग उगलनेवाली ।
नारी जग के आर्तनाद से, भस्मि शिखा बलने वाली ।।
सदस्यता लें
संदेश (Atom)