शनिवार, 20 अक्टूबर 2012


अवदान 

   -प्रोफेसर श्यामलाल उपाध्याय

प्राणि-जगत को जल देता हूं, पशु-पक्षी तमचर, निशिचर ।
फूलों पर जलकण दे जाता, उनको दे, खुशियों से भर ।।

कहीं बरस खेतों को भरता, कहीं क्यारियां सुकुमारी ।
कहीं बगीचे का माली बन, खो देता सुधियां सारी ।।

ऊंचाई पर बर्फ बनाकर, ऋषि, मनीष दिखला देता ।
कहीं शिलाओं पर पड़कर, बहु ऋषि पत्नियां ला देता ।।

फैले मैदानों को देता, गंगाजल का अनुपम दान ।
इसके बदले में पाता मैं, अन्न-राशि का जो अवदान ।।

झंझा से मैं झड़ी लगाता, गिरि, पुष्पों और पत्रों पर ।
मोती कण को निरख-परख, विस्मित होता, उनके ऊपर ।।

दूर बढ़ा, इतना समुद्र में, भूल गया, मैं अपनी राह ।
पर, सीपों में मोती बनकर, पूरी कर दी, उनकी चाह ।।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें