मत्स्यन्याय
सुसज्जित बैठकखाने में
एक मछलीघर- अक्वेरियम,
शीशभवन-सा,
मीटर-भर लम्बाई की आधी चौड़ाई,
सजा-सजाया, जल-पूरित, बल्ब का प्रकाश,
ऑक्सीजन की अनुपम व्यवस्था,
पारदर्शी पाइप द्वारा एक से दूसरी दिशा में
जल का अटूट प्रवाह ।
तल पर रंगीन प्रायः तीन मिलीमीटर की
प्रसरित कंकड़-राशि, बिखरे सीप-घोंघे,
शंखों के साथ जलीय पौधे
जिनमें जलदेवता के प्रायः दस सौन्दर्यवाह ।
परिमित विश्व में व्याप्त
अत्र, तत्र, सर्वत्र, अभयतः, परितः ।
भारतीय दण्ड संहिता-धरा, उच्छेद -
मनोरंजन के अंतर्गत
ये निरपराध, मूक, निरुपाय, अकारण दण्डित ।
काट रहे, जेल की सजा,
श्वेत प्रस्तर-शिशु के साथ ।
मर्म में संजोए अह्लाद,
ब्रीड़ा, क्रीड़ा, नर्तन, स्पन्दन, क्रन्दन ।
-नियति निक्षेप
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें